top of page

MOHAMDI: मोहम्मदी में सीज हुए प्रधान और सचिव के अधिकार

  • 21 अक्टू॰ 2022
  • 2 मिनट पठन



Lakhimpur Kheri NEWS: मोहम्मदी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दिलावलपुर की प्रधान शबाना खातून और सचिव सुधीर शुक्ला द्वारा बिना कार्य कराए 23.48 लाख रुपये ग्राम निधि के खाते से गबन करने के मामले में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर प्रधान को वित्तीय अनियमितता करने में प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए नोटिस जारी किया है। दोनों के अधिकार सीज किए गए हैं।


ग्राम पंचायत दिलावलपुर की ग्राम प्रधान शबाना खातून को मिथ्या घोषणा कर आरक्षण का अनुचित लाभ प्राप्त करने का दोषी पाए जाने पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने 15 जुलाई 2022 को प्रधान पद से पदच्युत करते हुए ग्राम पंचायत दिलावलपुर के प्रधान पद रिक्त घोषित किया था। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रधान शबाना खातून 26 सितंबर 2022 को बहाल हुईं। सचिव सुधीर शुक्ला और प्रधान ने मिलीभगत कर 28 और 29 सितंबर 2022 को ग्राम निधि खाते से 36 लाख रुपये का भुगतान करा लिया था। शिकायत के बाद जांच हुई तो 30 सितंबर को मामले का खुलासा भी हो गया था। इसके बाद डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी उपायुक्त मनरेगा विपिन चौधरी की अगुवाई में बनाई थी।


कमेटी की संयुक्त जांच रिपोर्ट के मुताबिक 17 परियोजनाओं के लिए 23,48,620 रुपये ग्राम निधि खाते से निकाले गए, लेकिन इनके आगणन, माप पुस्तिका एवं बिल बाउचर प्रस्तुत नहीं किए गए। दो परियोजनाओं पर कार्यों की माप पुस्तिका के अनुसार लागत से अधिक धनराशि निकाली गई। छह परियोजनाओं के सापेक्ष धनराशि आहरित पाई गई लेकिन कार्य नहीं कराए गए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार दो परियोजनाओं को छोड़कर शेष परियोजनाएं अपूर्ण पाई गई हैं। इससे प्रधान व सचिव को शासकीय धनराशि के गबन का प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। डीएम ने प्रधान और सचिव को नोटिस जारी करते हुए प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार सीज किए हैं।





 
 
 

टिप्पणियां


bottom of page